Le Corbusier, Pierre Jeanneret, heritage furniture chandigarh
सेक्टर-15 स्थित ब्वॉयज हॉस्टल से चार हेरिटेज कुर्सियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि, आरोपी पहले ही चारों कुर्सियां कॉलेज परिसर के पास फेंक गए थे।
पुलिस ने पकड़े गए चार में से तीन आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। चौथे आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
डीएसपी सेंट्रल राम गोपाल ने बताया कि 9 अक्तूबर को हॅास्टल के वार्डन डॉ. जतिंदर गौड़ की शिकायत के आधार पर सेक्टर 11 पुलिस स्टेशन में चार हेरिटेज कुर्सियों की चोरी की एफआईआर 15 अक्तूबर को दर्ज की गई थी।
इसके बाद 17 अक्तूबर को चारों कुर्सियां कालेज के बाहर फेंकी मिली थी। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी राजेश जो कि पेशे से ऑटो ड्राइवर है उसने बताया कि 5 अक्तूबर को उसने कालेज में हेरिटेज फर्नीचर देखा था।
चौथे आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा
पुलिस
- फोटो : Demo Pic
जिसकी सूचना उसने संतोष कुमार को दी थी। जिसके बाद संतोष ने अनिल और कृष्णनियां के साथ मिलकर हेरिटेज फर्नीचर चोरी करने की प्लानिंग बनाकर 9-10 अक्तूबर की रात को हास्टल से कुर्सियां चोरी कर ली थी।
चोरी करने केबाद दोनों आरोपियों ने चारों कुर्सियां राजेश व संतोष को 40 हजार रुपये में बेच दी थी। उसके राजेश और संतोष ने पंचकूला के एक बड़े डीलर से चारों कुर्सियों का सौदा 88 हजार रुपये में आगे किया था।
जिसके बाद आरोपी नरेश कुमार चारों कुर्सियां छोटा हाथी में रख कर पंचकूला के डीलर को दे आये थे। पुलिस का कहना है कि पंचकूला के बड़े डीलर के तार मुंबई में किसी के साथ जुड़े है जो चोरी के हेरिटेज फर्नीचर को विदेशों में बेचता है।
पुलिस मामले में कृष्णनियां और पंचकूला के डीलर की तलाश कर रही है। आरोपियों ने बताया कि जब मीडिया में हेरिटेज फर्नीचर चोरी का मामला उछला तो घबरा कर राजेश और संतोष चारों कुर्सियां वापस कालेज के बाहर छोड़ गये थे।
पुलिस ने मंगलवार को नरेश, संतोष और राजेश कुमार को जिला अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। जबकि अनिल को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।