पंजाब के लुधियाना में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी की हत्या के बाद उसे पंखे से लटका दिया और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। जब मृतक आशा रानी (22) के परिवार वालों को पता चला तो उन्होंने जानकारी थाना शिमलापुरी पुलिस को दी। पुलिस ने परिवार के आरोप के बाद मामले में आशा रानी के पति मनीष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक आशा रानी के पिता चंदू भगत ने बताया कि उसकी बेटी ने आरोपी मनीष के साथ 2020 में लव मैरिज की थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी मुनीश आशारानी के साथ घरेलू बातों को लेकर मारपीट करता रहता था। आरोपी ने कई बार आशा रानी के साथ मारपीट की, जिस कारण आशा रानी घर आ जाती थी और आरोपी मनीष समझौता कर उसे ले जाता था।
शनिवार सुबह भी आरोपी ने आशा के साथ मारपीट की और आशा अपने मायके घर आ गई। आरोपी मनीष उसे बार-बार फोन कर बुलाता रहा, जिस कारण उन्होंने अपनी बेटी को मुनीश के घर भेज दिया। दोनों को समझाया कि वह झगड़ा न किया करे।
शनिवार की रात को आरोपी मनीष ने घर पहुंचते ही आशा के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने अपना आरोप छुपाने के लिए आशा का शव पंखे से लटका दिया था कि ऐसा लगे कि उसने आत्महत्या की है। इस मामले में थाना शिमलापुरी के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने परिवार के आरोप पर मुनीश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश जा रही है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।