गांव खतरीवाला में सोमवार रात एक व्यक्ति ने अपनी सोई हुई पत्नी का कुल्हाड़ी से काटकर कत्ल कर डाला। थाना बरेटा की पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसको काबू कर लिया है। आरोपी अपने बेटे की कुछ समय पहले मौत हो जाने की वजह से मानसिक तौर पर परेशान रहता था।
गांव खतरीवाला का एक मजदूर परिवार सोमवार रात को खाना खाने के बाद सो गया। इस दौरान घर के मालिक अमरीक सिंह ने कुल्हाड़ी उठा अपनी सोई पड़ी पत्नी अमरजीत कौर के सिर और गर्दन पर कई वार किए। इस दौरान उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात का सुबह पता चला। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी कुछ समय पहले अपने बेटे की मौत होने से मानसिक तौर पर परेशान रहता था। वह बिना कोई काम किए अपनी पत्नी से खर्च भी मांगता था। इसे लेकर दोनों में आपसी झगड़ा भी रहता था। महिला के मायके वालों ने कई बार दोनों में आपसी मामले को शांत भी करवाया।
थाना बरेटा के मुखी पुरुषोत्तम सिंह का कहना है कि घर में अक्सर लड़ाई झगड़ा रहता था। मानसिक परेशानी के चलते उक्त व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि अमरीक सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसको काबू कर लिया गया है। अमरजीत कौर की लाश वारिसों के हवाले कर दी गई है, जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।