हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में मंगलवार रात को नौ बजे सास बहू के बीच हुई कहासुनी से खफा एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर फायरिंग कर दी। इसमें पत्नी बाल-बाल बच गई। जुलाना थाना पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति के खिलाफ जानलेवा हमला करने और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
जुलाना के वार्ड नंबर नौ निवासी मनोज की पत्नी सीमा का बीती रात उसकी सास निर्मला के साथ झगड़ा हो गया। इसी दौरान मनोज भी मौके पर पहुंच गया। मनोज ने अपने पास मौजूद पिस्तौल से सीमा पर गोली दाग दी। गोली सीमा के सिर के पास से निकल दीवार में जा लगी। मनोज ने फिर से दूसरी गोली दागी और वह गोली भी दीवार से जा टकराई और सीमा बाल-बाल बच गई।
सीमा ने जब पति को थाने जाने की बात कही तो आरोपी ने खुद को गोली मारने की धमकी दी। किसी तरह महिला पुलिस को सूचना देने में कामयाब हो गई। घटना की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने सीमा की शिकायत पर उसके पति मनोज के खिलाफ जानलेवा हमला करने और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जुलाना थाना के जांच अधिकारी अनिल ने बताया की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हालातों का जायजा लेने के बाद आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।