संगीता मूल रुप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली है। वह अपने पति मुकेश और बेटी के साथ रहती है, जबकि बेटा गांव में ही रहता है। पिछले कुछ दिनों से घरेलू बातों को लेकर संगीता और उसके पति में झगड़ा चल रहा था। सोमवार की सुबह संगीता के पति ने उस पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
संगीता अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर की तरफ भागी तो आरोपी पीछा करते हुए आया और संगीता पर वार करता गया। संगीता के चिल्लाने की आवाज सुन लोग इकट्ठे हो गए। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। गनीमत यह रही कि थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोहन लाल इलाके से गुजर रहे थे तो सूचना मिलने के बाद वह घटनास्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने लोगों की मदद से संगीता को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां थाना प्रभारी ने अपनी जेब से पैसे दिए और उसे दाखिल कराया। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि संगीता की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। आरोपी मुकेश की तलाश में छापामारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।