गांव सैदपुरा में 28 वर्षीय प्रवासी महिला की हत्या कर शव को छप्पड़ (तालाब) में फेंकने वाले आरोपी पति जगमोहन सिंह को पुलिस ने 20 दिन बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी के सिर में सिलिंडर मारकर उसकी हत्या की थी, जिसके बाद शव को चेन व ईंटों से बांधकर गांव के छप्पड़ में फेंक दिया था।
पुलिस को बीती 15 मई को छप्पड़ में विवाहिता का शव तैरता हुआ मिला था। आरोपी गांव के नजदीक स्थित कैमिकल फैक्ट्री में बतौर हेल्पर काम करता था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी जगमोहन सिंह की मां व छोटे भाई को भी गिरफ्तार किया था जो अभी पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- दो घंटे से ज्यादा पबजी नहीं खेल सकेंगे बच्चे, लेनी होगी माता-पिता की मंजूरी
इस संबंध में थाना प्रभारी सहायक इंस्पेक्टर सतिंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ करने पर सामने आया कि मृतका प्रवासी है पर अपने परिवार के साथ बीते चार वर्षों से किराए के मकान में रहती है। पता चला कि मृतका का पति 13 मई से परिवार के साथ गायब है।
पुलिस ने मृतका के मायके परिवार से संपर्क किया जिन्होंने बताया कि उनकी बेटी के साथ पति अक्सर मारपीट करता था पर व बीती 12 मई को आखिरी बार बात हुई थी। जिसमें उसने अपने पति द्वारा की जा रही मारपीट के बारे में भी बताया था।
पत्नी के चरित्र पर था शक
इसके बाद लगातार पुलिस उसके पति को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है लेकिन वह काबू नहीं आ रहा था। उनको सूचना मिली थी कि शुक्रवार को आरोपी डेराबस्सी में अपने कमरे से कोई सामान लेने आ रहा है जिस पर पुलिस ने बरवाला मार्ग पर आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर शक था, जिस कारण उसकी अक्सर लड़ाई होती रहती थी।
पत्नी की हत्या करने के बाद वह रेहड़ी पर शव को छप्पड़ तक ले गया। तीन दिन बाद 15 मई को लाश तालाब में तैरने लग गई। आरोपी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के बाद दोनों बेटियों को साथ लेकर रेहड़ी पर ही पहले यमुनानगर में अपने जान पहचान वाले के पास गया जहां उसने बताया कि उसकी पत्नी को कोरोना हो गया है। उसके बाद वह हरियाणा के पेहवा गया, जहां अपने रिश्तेदार के पास दोनों बेटियों को छोड़कर फरार हो गया।