सेक्टर-21 स्थित एनआरआई के बंद मकान में चोरों ने शनिवार रात को धावा बोला। आहट पाकर पड़ोसियों ने निजी सिक्योरिटी कंपनी को इसकी सूचना दी और तीन में से एक चोर को घेरकर पकड़ लिया गया।
पड़ोसियों ने घटना की सूचना एनआरआई को दी। उनसे ई-मेल पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पड़ोसियों के मुताबिक, सेक्टर-21 के एक मकान मालिक गुलाटी अमेरिका में रहते हैं। घर में ताले लटके हैं। तीन चोर उनके घर में दाखिल हुए। इसी बीच पड़ोसी नेहा मित्तल ने आहट पाकर ग्लोबल सिक्योरिटी को इसकी सूचना दी। चोरों ने सामने के कमरे का एक शीशा निकाल लिया, जबकि ग्रिल भी काट दी।
चोर शायद इसी रास्ते से घुसे थे। नेहा मित्तल ने बताया कि जैसे ही सुरक्षाकर्मी पहुंचे, दो चोर छत की तरफ से भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने छत पर जाने वाला का दरवाजा बंद कर दिया।
दो चोर तो भाग गए, लेकिन तीसरा चोर नशे में था। वह सीढ़ियों पर ही फंस गया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।