अटारी से अमृतसर रेलवे स्टेशन के यार्ड पर कस्टम के डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बुधवार को पाक मालगाड़ी से 30 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है।
पाकिस्तान के तस्करों ने हेरोइन को डिब्बे की छत पर गुप्त तरीके से छिपा कर रखा था। संयुक्त टीम ने सर्च अभियान में हेरोइन के आधा-आधा किलो के 12 पैकेट बरामद किया, जिनकी अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कीमत तीस करोड़ रुपये है।
इस जांच को संयुक्त टीम ने गुप्त रखा था, लेकिन विभागीय सूत्रों के अनुसार डीआरआई और आरपीएफ ने बुधवार रात साढ़े आठ बजे जब अमृतसर के रेलवे यार्ड में पाक मालगाड़ी को चेक किया तो उनमें एक डिब्बे की छत पर हेरोइन के 12 पैकेट बरामद हुए। डीआरआई के उच्च अधिकारी अमनदीप सिंह के नेतृत्व की टीम ने इस हेरोइन को बरामद कर पैकेट को सील कर दिया गया।
टीम ने बुधवार साढ़े आठ बजे से लेकर रात दस बजे तक सर्च अभियान चलाया फिर वीरवार सुबह आठ बजे से शुरू होकर दोपहर एक बजे जाकर सर्च अभियान खत्म किया गया। टीम को आशंका थी कि शायद मालगाड़ी के बाकी डिब्बों में भी हेरोइन के और पैकेट मिल सकते हैं। लेकिन उनमें कुछ नहीं मिला।