यूपी से 70 लाख की हेरोइन लेकर सप्लाई करने आए युवक को रेलवे स्टेशन सीआईए ने गिरफ्तार कर लिया। युवक को पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से थाना जीआरपी सीआईए ने गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 150 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पुलिस ने इस मामले में यूपी के जिला शाहजहांपुर के गांव हसनपुरा निवासी कुलदीप सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
सीआईए के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह घुम्मण ने कहा कि पूछताछ में आरोपी ने कहा कि वह गांव कुनार से हेरोइन लाया था। उक्त व्यक्ति ने उसे लुधियाना में किसी को देने के लिए कहा था। आरोपी को इस काम के लिए तीन हजार रुपये मिलने थे।