पंजाब के लुधियाना जिले के हलवारा में पंजाब राज्य पावरकॉम कारपोरेशन उपमंडल सुधार के हेड कैशियर दीदार सिंह को बुधवार विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना की टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते उसके घर से रंगे हाथों काबू किया है।
विजिलेंस टीम ने आरोपी दीदार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार आरोपी को अदालत में पेश किया। वहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एतिआणा गांव के किसान रंजीत सिंह ने अपने खेत में लगी तीन मोटरों के लोड बढ़ाने के लिए सुधार पावरकॉम अधिकारियों के पास आवेदन किया था। उसके बाद हेड कैशियर दीदार सिंह ने चालीस हजार रुपये सरकारी फीस के अलावा प्रति मोटर पांच हजार रुपये के हिसाब से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
कुछ दिनों तक रंजीत सिंह अपने स्तर पर बिना रिश्वत के काम कराने की कोशिश करता रहा। दीदार सिंह हमेशा उसे टाल मटोल करता रहा। इस दौरान लोड बढ़वाने की आखिरी तारीक 31 जुलाई भी निकल गई। जब रंजीत ने उसे पूछा तो आरोपी ने सीधे रिश्वत की मांग की।
रंजीत सिंह ने इसकी शिकायत एसएसपी विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना सतिंदर सिंह से की। इस पर कार्रवाई करते बुधवार को विजिलेंस ब्यूरो के डीएसपी विक्रमजीत सिंह एवं डीएसपी गुरप्रीत कौर पूरेवाल ने टीम के साथ बुधवार की सुबह दीदार सिंह के अकालगढ़ गांव स्थित घर पर छापामारी कर उसे रंजीत सिंह से रिश्वत लेते काबू कर लिया।
एसएसपी विजिलेंस सतिंदर सिंह ने कहा कि आरोपी दीदार सिंह को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।