दिल्ली मेट्रो की पार्किंग में सीसीटीवी कैमरों को लेकर फिर विवाद खड़ा हो गया है। गुड़गांव के सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन की पार्किंग से बाइक चोरी हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि पार्किंग में सीसीटीवी कैमरा तक स्थापित नहीं किए गए है। इस मामले में पुलिस ने मेट्रो पार्किंग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है जिसमें पार्किंग में सीसीटीवी लगाने को लेकर डीएमआरसी को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
राजस्थान अलवर निवासी महेंद्रपाल गुड़गांव के वजीराबाद में किराये पर रहते है। दो दिन पहले दिल्ली स्थित निजी अस्पताल में अपने बेटे के इलाज के लिए उन्होंने अपनी स्प्लेंडर बाइक को सिंकदरपुर मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर चले गए थे।
शाम को जब महेंद्रपाल वापिस लौटे तो उनकी बाइक पार्किंग में नहीं मिली। पहले तो कर्मचारियों ने बाइक खड़ी ही नहीं करने की बात कही। लेकिन जब उसने डीएमआरसी की पार्किंग पर्ची दिखाई तो कर्मचारियों ने बाइक को ढूंढा।
पार्किंग में बाइक न मिलने पर व्यक्ति ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद मेट्रो थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया कि यहां पर सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे। जिसका बखूबी फायदा उठाते हुए कोई बाइक चोरी कर गया। लेकिन पुलिस के लिए यह भी सवाल बना हुआ है कि आखिर कोई बिना पर्ची के बाइक कैसे ले जा सकता है?
ऐसे में पार्किंग कर्मियों के मिलीभगत की बात सामने आई है। लिहाजा पुलिस जांच कर रही है। इस संबंध में पुलिस ने पार्किंग के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई धर्मबीर के अनुसार इस संबंध में डीएमआरसी को भी पार्किंग में सीसीटीवी लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में नोटिस भेजा जाएगा।