हरियाणा पुलिस में तैनात कांस्टेबल ने सेक्टर-19 स्थित अपने सरकारी आवास में फंदा लगाकर जान दे दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव जीएमएसएच-16 अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार रामरूप (40) ने वीरवार देर रात सेक्टर-19 स्थित मकान में पंखे से फंदा लगा लिया। रामरूप सेक्टर 19 में अपनी पत्नी व पांच साल की बेटी के साथ रह रहा था। पुलिस ने बताया कि रामरूप हरियाणा सचिवालय में कांस्टेबल था।
सेक्टर-19 पुलिस स्टेशन के एसएचओ मनिंदर सिंह का कहना है कि वह काफी समय से बीमार था। उसका पीजीआई में इलाज भी चल रहा था। पुलिस का कहना है जिस समय उसने सुसाइड किया उसकी बीवी और बच्चे दूसरे कमरे में थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंची और कांस्टेबल को फंदे से उतारकर जीएमएसएच-16 ले गई। डॉक्टरों ने व्यक्ति को देखते ही मृत बता दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया है। प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का ही लगता है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।