देशभर में जितनी भी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, उन सभी की जांच भले ही पहले से चल रही हो, लेकिन रोहतक पुलिस भी अपने तरीके से जांच करेगी। इनमें सीपीएमटी, पीजी मेडिकल, आईआईटी-जेईई, एम्स, पीओ की प्रवेश परीक्षा शामिल है और इन सभी को पुलिस ने अभी अपनी जांच में शामिल किया है। क्योंकि एआईपीएमटी पेपर लीक के मास्टरमाइंड रूपसिंह दांगी व गिरोह के सदस्यों पर इन सभी में लिप्त होने का पुलिस शक है। ऐसे में पुलिस हर उस जगह जाएगी, जहां राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक हुआ है
एआईपीएमटी-2015 की प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होने से 6 लाख मेडिकल छात्रों को झटका लगा था। देशभर में हड़कंप मचाने वाले इस प्रकरण ही स्क्रिप्ट भले ही राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ में एक रिसोर्ट में लिखी गई थी, लेकिन यह गिरोह पूरे हरियाणा के साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, वेस्ट बंगाल, दिल्ली समेत 10 राज्यों में फैला है। पुलिस ने यूपी के कुशीनगर, महाराष्ट्र के नागपुर, दिल्ली, हरियाणा से आरोपियों को पकड़ा, लेकिन अभी कई चेहरे सामने आने बाकी है।
पेपर लीक के 11 महीने बाद मास्टरमाइंड एक लाख के इनामी रूप सिंह दांगी के पकड़े जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि अब उससे पूछताछ के बाद उसके नेटवर्क में शामिल सभी लोगों तक पहुंचा जा सकेगा। इसके साथ ही पुलिस ने देशभर में पिछले साल या उसके आसपास राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के जितने भी पेपर लीक हुए होंगे। उन सभी की दोबारा से अपने स्तर से जांच करने की तैयारी कर दी।
इनमें दिल्ली में एम्स, पीओ, उत्तर प्रदेश में सीपीएमटी, हैदराबाद में पीजी मेडिकल, आईआईटी-जेईई शामिल है। माना जा रहा है कि दांगी पहले भी एचटीईटी का पेपर लीक करा चुका है और इसके अलावा भी कई पेपर लीक में उसका नाम सामने आया था। उसका नेटवर्क भी पूरे देश में फैला हुआ है, जिससे पुलिस मानकर चल रही है कि देश भर में पिछली कुछ प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, उनमें दांगी भी शामिल हो सकता है।
एआईपीएमटी का पेपर लीक कराने वाला मास्टरमाइंड रूपसिंह दांगी पर पहले भी इस तरह के मामले दर्ज है। इसलिए पुलिस इसकी जांच करेगी कि पहले आईआईटी-जेईई, एम्स, पीओ, सीपीएमटी आदि के पेपर लीक हुए है, उनमें दांगी व इस गिरोह से कोई शामिल है या नहीं।
-शशांक आनंद, एसपी रोहतक