हिसार के नजदीक गांव बहबलपुर में शनिवार देर रात को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को लूटने का प्रयास किया गया। इस दौरान चोर एटीएम बूथ का ताला तोड़कर अंदर घुसे और एटीएम लूट का प्रयास किया। चोरों ने एटीएम को काफी नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा चोरों ने बैंक में भी सेंधमारी की कोशिश की। यह पूरी वारदात एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बैंक अधिकारियों को रविवार सुबह वारदात की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। अभी तक इस मामले में केस दर्ज नहीं किया गया है। गांव बहबलपुर में रविवार सुबह टहलते वक्त ग्रामीणों ने एसबीआई एटीएम का गेट टूटा हुआ देखा। इस पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी ब्रांच मैनेजर विशाल को दी।
ब्रांच मैनेजर ने इस घटना की जानकारी अपने अधिकारियों व पुलिस प्रशासन को दी। ब्रांच मैनेजर मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एटीएम बूथ के गेट की कुंडिया टूटी हुई है। इसके अलावा एटीएम भी क्षतिग्रस्त है। इसके बाद उन्होंने बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें तीन युवक एटीएम को तोड़ते नजर आए। मगर तीनों युवकों ने चेहरा ढक रखा था। इस कारण से उनकी पहचान नहीं हो पा रही है।
ब्रांच मैनेजर ने बताया कि चोरों ने बैंक में भी सेंधमारी का प्रयास किया है। बैंक की एक दीवार को भी तोड़ने का प्रयास किया। साथ ही बैंक की एक खिड़की भी टूटी हुई है। ब्रांच मैनेजर के मुताबिक फिलहाल एटीएम में रखी नकदी का मिलान किया जा रहा है। उसके बाद ही यह बताया जा सकेगा कि चोर एटीएम से नकदी निकालने में सफल रहे या नहीं। ब्रांच मैनेजर ने बताया कि दो दिन पहले ही एटीएम में नकदी डाली गई थी।