हैंड ग्रेनेड के चारों तरफ रखी बोरियां।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिल्का के सीमावर्ती गांव मुठियांवाली के सेमनाला के किनारे चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान पुलिस को एक हैंड ग्रेनेड मिला। पुलिस ने उक्त क्षेत्र को खाली करवाया। सूचना मिलने पर वहां पर डीएसपी जोरा सिंह पुलिस पार्टी संग पहुंचे। हैंड ग्रेनेड के आसपास रेत की बोरियां लगाई गईं और बम निरोधक दस्ते की टीम को बुलाया गया।
डीएसपी जोरा सिंह ने बताया कि पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया जा रहा है, जिसके तहत भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव मुठियांवाली के सेमनाले के निकट वह सर्च कर रहे थे तो उनको एक हैंड ग्रेनेड मिला जिसके बाद उनके द्वारा रेत और मिट्टी से भरी बोरियों को लगाकर उसे चारो तरफ से कवर कर दिया गया है।
इसकी सूचना उच्चाधिकारियों और बम निरोधक दस्ते को दी गई है। उल्लेखनीय है कि पंजाब में काफी गोला-बारूद मिल रहा है। कुछ दिन पहले ही गुरदासपुर और अमृतसर से हैंड ग्रेनेड और आरडीएक्स पकड़ा गया है। पंजाब में विस्फोट करने के वास्ते सीमा पार से आया था। गांव मुठियांवाली में हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद उक्त क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया है और बम मिलने की उम्मीद है।