पठानकोट एयरबेस आतंकी हमले से सुर्खियां में आए गुरदासपुर के पूर्व एसपी सलविंदर सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। वीरवार को गुरदासपुर पुलिस ने सलविंदर पर एक और केस दर्ज किया है। सलविंदर सिंह पर पांच महिला पुलिसकर्मियों ने शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था, जिसकी जांच चल रही थी।
उस जांच में सलविंदर सिंह को दोषी पाते हुए उन पर धारा 354ए आईपीसी के तहत शारीरिक शोषण का मामला गुरदासपुर सिटी पुलिस में दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि दुराचार का मुकद्दमा दायर होने के बाद भी सलविंदर सिंह अब तक पुलिस हिरासत से बाहर हैं।
आतंकी हमले से दो दिन पहले ही लगाए गए थे आरोप
एसपी सलविंदर सिंह
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार एसपी सलविंदर यौन शोषण के आरोपों से भी घिरे हैं। जिसमें उनके खिलाफ जांच जारी है। उन पर यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि उनके ऑफिस में काम करने वाली पांच महिला पुलिसकर्मियों ने लगाए हैं।
पठानकोट में उन्हें आतंकवादियों द्वारा अगवा करने से दो दिन पूर्व ही गुरदापुर में एसपी हेडक्वार्टर रहते हुए उन पर यह आरोप लगाए गए थे। महिला कांस्टेबलों ने अपनी शिकायत में कहा था कि एसपी सलविंदर उनके साथ ज्यादा घुलमिलने और अशोभनीय टिप्पणियां करने का प्रयास करते थे।
गुरदासपुर के एसएसपी ऑफिस से अटैच पांचों महिला पुलिसकर्मियों ने मामले की शिकायत डीजीपी से की थी। जिसमें उन पर मर्यादा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था। मामले में डीजीपी ने आईजी गुरप्रीत कौर देव को इसकी जांच सौंपी थी। वहीं सलविंदर का तबादला जालंधर में पंजाब आर्म्ड पुलिस की 75वीं बटालियन में कर दिया गया था।
आईजी ने दौरा करके महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत की
एसपी सलविंदर सिंह
आईजी ने जांच के लिए कुछ दिन पहले ही गुरदासपुर का दौर कर महिला पुलिसकर्मियों से बात की थी। एक महिला कांस्टेबल ने बताया कि कुछ दिन पहले एसपी सिंह ने उन्हें अपने ऑफिस में बुलाया था।
उन्होंने मुझसे कहा ''तुम एक साथी पुलिसकर्मी के बगल में क्यों खड़ी थी, क्या तुम्हारा उससे कोई रिश्ता है''। ऐसा पहली बार नहीं हुआ था। इस पर मैने शोर मचाया तो उन्होंने अपने एक अर्दली को बुलवाकर मुझे अपने ऑफिस से बाहर करवा दिया।
इस पर किसी गुमनाम ने मामले की शिकायत डीजीपी को भेज दी। एसपी के खिलाफ अन्य शिकायत उनके ऑफिस में तैनात टेलीफोन ऑपरेटर ने भी की थी। इस तरह की हरकत पर उसने भी तुरंत विरोध जताया था।