पुलिस मुलाजिमों से ही मांग डाली रिश्वत
- फोटो : Demo Pic
विजिलेंस ब्यूरो मोहाली की टीम ने डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते माइनिंग विभाग होशियारपुर के जनरल मैनेजर को आफिस से ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुभाष चंद्र के रूप में हुई है। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस का दावा है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कई अन्य राज खुलने के आसार हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस संबंधी विजिलेंस को हरप्रीत सिंह निवासी मेहल तहसील धर्मकोट जिला मोगा ने शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनका जिला होशियारपुर के गांव संधवाल में स्टोन क्रॅशर है। यह एरिया आरोपी के अधीन आता था। वह उन्हें धमकियां देता था कि वह उन पर माइनिंग करने का झूठा केस दर्ज कर देगा। साथ ही उसका लाइसेंस भी रद्द कर क्रॅशर में ताला लगवा दूंगा।
पिछले माह वह आरोपी उनके आफिस में आया था। साथ ही डेढ़ लाख रुपये नगद लेकर गया था। इसकी उनके पास वीडियो भी है। वहीं, इस दौरान आरोपी कह गया था कि अगर उन्हें क्रॅशर लंबे समय तक चलाना है तो हर माह उसे डेढ़ लाख रुपये देने होंगे। इस कारण वह काफी परेशान हो गए थे। उन्होंने सोचा कि वह बिल्कुल सही तरीके से अपना कारोबार कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने इस संबंधी विजिलेंस को शिकायत दी थी।