पीयू के गर्ल्स हॉस्टल नंबर 5 में वीरवार शाम एक छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। 17 वर्षीय लवलीन कौर पांच वर्षीय लॉ विभाग (यूआईएलएस) में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा थी। देर रात तक मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच पड़ताल करती रही।
गुरदासपुर निवासी यूआईएलएस विभाग में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा लवलीन कौर हॉस्टल नंबर 5 के कमरा नबंर 22 में रहती थी। हॉस्टल रूम में उसके साथ मनी कंबोज भी रहती थी। जानकारी के अनुसार मनी कंबोज वीरवार सुबह घर से हॉस्टल रूम में आई तो लवलीन सो रही थी।
कंबोज ने उसे नहीं उठाया और क्लास में चली गई। शाम करीब 5 बजे मनी जब क्लास से कमरे में पहुंची तो उसने लवलीन को उठाने की कोशिश की। लेकिन लवलीन बेहोशी की हालत में थी। उसने मामले की जानकारी हॉस्टल अटेंडेंट और वार्डन को दी।
पुलिस ने भी मामले को करार दिया संदिग्ध
मृत देह
- फोटो : Demo Pic
लवलीन को एंबुलेंस से सेक्टर-16 जनरल अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हॉस्टल की अन्य स्टूडेंट ने बताया कि बुधवार शाम को लवलीन ने सभी के साथ मिलकर खाना खाया और वह अपने कमरे में चली गई थी।
हॉस्टल में छात्रा की मौत की घटना की बात पूरे कैंपस में तुरंत फैल गई। पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर, डीयूआई प्रो.दिनेश गुप्ता, रजिस्ट्रार कर्नल जीएस चड्ढा सहित सभी अधिकारी गर्ल्स हॉस्टल पहुंचे।
करीब तीन घंटे तक सभी अधिकारी पुलिस की जांच प्रक्रिया पूरी होने तक हॉस्टल में ही रहे। कुलपति प्रो.अरुण ग्रोवर ने कहा कि छात्रा की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उधर पुलिस ने हॉस्टल में लगे कैमरों की रिकार्डिंग भी ले ली है और कुछ छात्राओं से मामले में पूछताछ की है।