अवैध संबंध के शक में मामा ने चाकू से गोदकर अपनी 22 वर्षीय भांजी की हत्या कर दी। आरोपी ने युवती की मां के सामने ही वारदात को अंजाम दिया। गले से लेकर पेट तक कई वार किए। मामला सेक्टर-41 स्थित एजी कॉलोनी का है। मां की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की पहचान झज्जर (हरियाणा) निवासी अंजलि मलिक के रूप में हुई। आरोपी सतबीर गुलिया भी झज्जर का ही रहने वाला है।
आरोपी ने घटना के दौरान युवती के भाई को एक कमरे में बंद कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर तेजी से युवती की एक्टिवा के पास पहुंचा और घर से बाहर निकालने लगा। तभी युवती की मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया और बंद कमरे से तत्काल बेटे को बाहर निकाला। इसके बाद आरोपी पकड़े जाने के डर से दौड़कर घर से भाग गया। घर में कई जगह खून बिखरा पड़ा था। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी जगह से नमूने इकट्ठे किए।
अंजलि के पिता हरियाणा के एजी दफ्तर में कार्यरत थे। कुछ समय पहले ही उनका देहांत हो गया था। पिता की मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे से परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी मिलनी थी। इसके लिए अंजली और उसके भाई दोनों की बात चल रही थी। भाई भी अभी पढ़ाई कर रहा है। अंजलि चाहती थी कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर अच्छी नौकरी करे। वह पढ़ाई के साथ बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी।
आरोपी सतबीर पर पहले भी एक आपराधिक केस दर्ज है। वर्ष 2008 में उसने अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई है। वर्ष 2014 में वह पेरोल पर जेल से बाहर आया था और फरार हो गया था। बाद में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। थाना प्रभारी ने ईरम रिजवी ने बताया कि सतबीर ने पत्नी की हत्या भी अवैध संबंधों के शक में की थी। सतबीर दो दिन पहले चंडीगढ़ आया था और बहन के घर पर रुका था।