23 साल के युवक को पति-पत्नी और बेटे ने लाठी डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। घटना हरियाणा के कुरुक्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान मोहाली के गांव बगवासी के अमित उर्फ काका पुत्र सुरजीत सिंह के रूप में हुई। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। थाना झांसा में मृतक युवक के पिता सुरजीत सिंह ने गांव रोहटी वासी सतपाल, उसकी पत्नी और पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
सुरजीत सिंह का आरोप है कि सतपाल सिंह ने उसके पुत्र अमित उर्फ काका को एक बार पहले भी धमकी दी थी कि अगर वह उसके गांव रोहटी में दिखा तो वह उसे जान से मार देगा। सतपाल का आरोप था कि अमित उसकी बेटी के चक्कर में बार-बार रोहटी आता था। बता दें कि बुधवार को झांसा थाना पुलिस को अमित की अस्पताल में मौत के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया और मृतक के परिजनों को सूचित किया।
वहीं झांसा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल ने बताया कि मृतक के पिता सुरजीत सिंह के बयान पर गांव रोहटी वासी सतपाल सिंह सत्ता, उसकी पत्नी ममता देवी और पुत्र हरप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गांव रोहटी से अमित की स्कूटी भी बरामद कर ली है। थाना पुलिस और जिला अपराध शाखा की टीम इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
जीजा के घर जाने की बात कही थी
युवक को पीट पीट कर मार डाला
- फोटो : demo pic
सुरजीत सिंह ने बताया कि उसके दो पुत्र और एक बेटी है। बेटी की शादी कुरुक्षेत्र के गांव थड़ौली में हुई थी। छह माह पहले उसकी मौत हो गई। मंगलवार को अमित यह कहकर आया था कि वह अपने जीजा रवि से मिलने जा रहा है। फिर शाम को उसने फोन किया कि वह रात को वह जीजा के पास ही रुकेगा।
लेकिन बुधवार दोपहर को उन्हें सूचना मिली की अमित घायल है और अस्पताल में दाखिल है, यहां आकर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। अमित की बहन की ससुराल कुरुक्षेत्र के गांव थडौली में है। फिर वह रोहटी कैसे पहुंचा ? इस बारे में बताया गया है कि अमित के गांव के निवासी शिवराम की ससुराल भी गांव रोहटी में है। वह रात को यहां उसकी ससुराल में आया था।
हादसे में जख्मी कहकर कराया था दाखिल
लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के स्टाफ से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के पौने चार बजे सतपाल व बलजिंद्र नाम के दो लोगों ने अमित को दाखिल कराया था। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को बताया था कि अमित उन्हें सड़क पर घायल अवस्था में मिला था। दोनों उसको अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चले गए। उपचार के दौरान अमित ने दम तोड़ दिया।