फिरोजपुर जेल में बंद एक गैंगस्टर ने तलाशी के दौरान दो सहायक अधीक्षकों को जान से मारने की धमकी दी। एक कैदी ने हाई सिक्योरिटी जोन में तंबाकू व नशीले पदार्थ के पैकेट फेंके थे। जेल मुलाजिम वहां तलाशी ले रहे थे। तभी गैंगस्टर अमित ने मुलाजिमों के साथ बदसलूकी की और अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी है। सीसीटीवी फुटेज में गैंगस्टर प्रिंस पैकेट उठाते दिखाई दे रहा है। उधर, थाना सिटी पुलिस ने शुक्रवार को दो गैंगस्टर समेत चार बंदियों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जेल मुलाजिम जसवीर सिंह ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया कि कैदी विजय कुमार निवासी मुगल पट्टी सोसाइटी वाली गली बाघापुराना जिला मोगा ने हाई सिक्योरिटी जोन में कुछ फेंका है। अधिकारी व मुलाजिम हाई सिक्योरिटी जोन में बंद बंदियों की तलाशी लेने लगे। इसी दौरान वहां बंद गैंगस्टर अमित कुमार निवासी मजीठा रोड अमृतसर ने मुलाजिमों के साथ बदसलूकी की। अधिकारियों ने रोका तो उसने जेल के सहायक अधीक्षक गुरतेज सिंह व रिशवपाल गोयल को जान से मारने की धमकी दी है।
किसी तरह उसे काबू कर बैरक में बंद किया गया। इसके बाद जब कैदी विजय कुमार से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि हाई सिक्योरिटी जोन में तंबाकू व नशीले पदार्थ फेंके हैं। इसे हवालाती गुरप्रीत सिंह ने दिए थे। जब अधिकारियों ने उक्त जोन में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो गैंगस्टर प्रिंस इन पैकेटों को उठाते दिखा। थाना सिटी पुलिस ने जेल अधिकारियों की शिकायत पर आरोपी बंदी विजय, अमित, प्रिंस व गुरप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।