पश्चिम बंगाल के जयनगर थाना क्षेत्र से 70 हजार में खरीदकर लाई गई हाईस्कूल की छात्रा को सोनीपत जिले के चिड़ाना गांव में बंधक बनाकर रखा गया। हरियाणा बाल संरक्षण आयोग, पश्चिम बंगाल और हरियाणा पुलिस ने छात्रा को गांव से बरामद कर लिया। पीड़िता ने दो युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।
बुधवार को पश्चिम बंगाल के जय नगर थाने के एसआई शिवनाथ सिंह बख्शी गोहाना के सदर थाने पर पहुंचे। इसके अलावा हरियाणा बाल संरक्षण आयोग और सदर पुलिस को साथ लेकर गोहाना के चिड़ाना गांव में छापेमारी की। यहां पर एक मकान से हाईस्कूल की 16 वर्षीय छात्रा को बरामद किया गया।
गोहाना सदर एसएचओ सेठी मलिक ने बताया कि बीती 13 जुलाई को छात्रा पश्चिम बंगाल के जय नगर थाने से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। छात्रा के पिता ने अपहरण की आशंका जताते हुए जय नगर थाने पर केस दर्ज कराया था। पश्चिम बंगाल पुलिस भी छात्रा की तलाश में जुटी थी।
इधर मिलने के बाद छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसके घर के पास से ही एक कार सवार युवक ने उसका अपहरण किया था। उसे 70 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसके बाद उसे चिड़ाना के एक घर में लाया गया। आरोप है कि जहां पर दो युवकों ने कई दिन तक उसके साथ गैंगरेप भी किया। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
हरियाणा बाल संरक्षण आयोग से पश्चिम बंगाल के बाल संरक्षण आयोग ने छात्रा को बरामद करने के लिए मदद मांगी थी। बुधवार को छात्रा को चिड़ाना गांव से बरामद कर लिया गया। छात्रा ने गैंगरेप का आरोप लगाया। छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
-बालकृष्ण गोयल, सदस्य, हरियाणा बाल संरक्षण आयोग
छात्रा को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अब तक की जांच में सामने आया है कि छात्रा को 70 हजार रुपये में बेचा गया था।
-सेठी मलिक, एसएचओ गोहाना सदर