मामला हरियाणा के चरखी दादरी का है, जहां जिले के एक गांव में तीन युवकों ने 12वीं की छात्रा को भाई का मर्डर करने की धमकी देकर घर के बाहर से अगवा कर गैंगरेप किया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर गांव के ही एक युवक को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात 2.00 बजे छात्रा की मां की आंख खुली तो देखा कि उसकी बेटी बिस्तर पर नहीं है। उसने घर के हर कमरे में उसे देखा लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार अलसुबह 4.00 बजे उसकी बेटी बेसुध हालत में घर के बाहर पड़ी थी। उसने क्रशर जोन में काम करने वाले अपने पति को जानकारी दी। पिता घर पहुंचा तब तक छात्रा कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी।
पीड़ित दंपति ने बताया कि मंगलवार शाम को उनकी बेटी ने होश संभाला तो बताया कि सोमवार दोपहर को स्कूल से आते समय आरोपियों में से एक ने उसे चाकू दिखाया और भाई की हत्या करने की धमकी दी। सोमवार रात वह घर के बाहर बने शौचालय में आई थी। उसी दौरान कार सवार चार युवकों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उससे गैंगरेप किया और बेसुध हालत में घर के बाहर फेंक कर भाग गए। छात्रा ने बताया कि आरोपियों में से एक को वह जानती है। एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग के बादा चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।