शहर निवासी एक व्यक्ति ने रविवार को सेक्टर-15 चौकी में अपनी 16 साल की बेटी का अपहरण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आसपास के सीसीटीवी चेक करने पर पता लगा था कि लड़की को कार सवार युवक लेकर गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच सोमवार सुबह परिजनों को पता लगा कि लड़की जिरकपुर में अपने परिचितों के पास है। वहां से परिजन उसे लेकर घर पहुंचे।
यहां आने के बाद लड़की ने पुलिस को बताया कि करनाल के घरौंडा निवासी हिमांशु के साथ उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। जिसके बाद उनकी बातचीत होने लगी। छात्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब डेढ़ बजे हिमांशु कार लेकर उनके घर के बाहर आया था।
उसने उसे फोन कर बातचीत करने को घर से बाहर बुला लिया और साथ ही बाहर नहीं आने पर उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी। बाहर आने के बाद उसने उसे कार में बैठा लिया। कार में दो अन्य युवक कमल व प्रमोद भी सवार थे।
वह उसे जबरन कार में अपहरण कर शिमला ले गए। शिमला के एक होटल में तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में जब वह वापस आने लगे तो उसने तीनों युवकों को कहा कि उसके परिजनों ने पुलिस को शिकायत दे दी है। जिसके बाद उन्होंने उसे जिरकपुर के पास उतार दिया और फरार हो गए।
वहां से वह किसी तरह अपने परिचित के पास पहुंची। जहां से परिजनों को अवगत कराया। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट में भी केस कर दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि कई माह पहले उसकी फेसबुक पर हिमांशु नाम के लड़के से दोस्ती हुई थी। उसके बाद से आरोपी उससे मैसेज के माध्यम से बातचीत करने लगा। बाद में उसने उसका मोबाइल नंबर भी ले लिया। आरोपी ने घटना की रात को भी उसे फोन कर घर से बाहर बातचीत के लिए ही बुलाया था। बाद में वह उसे जबरन कार में उठा ले गए।
फेसबुक पर दोस्ती के बाद छात्रा को बहकाकर घर से बाहर बुलाने के बाद अपहरण करने व गैंगरेप करने की शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रमेश चंद्र, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।