एक माह पहले गैंगरेप का शिकार हुई किशोरी ने बुधवार शाम ऐसा खौफनाक कदम उठाया, सब चौंक गए। मामला हरियाणा के सोनीपत के गोहाना की है। परिजनों की मानें तो घटना के आरोपियों पर कार्रवाई न होते देख उसने फांसी लगा ली।
युवती के आत्महत्या करने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की और बाद में शव को पोस्टमार्टम करा वारिसों को सौंप दिया। रेप मामले में परिजनों ने पुलिस को कटघरे में खड़ा किया है। परिजनों का कहना है कि मृतका के साथ गैंग रेप हुआ था, जबकि पुलिस ने केवल एक के खिलाफ ही कार्रवाई की। हालांकि पुलिस आरोपों को झुठला रही है।
अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ पिछले महीने 6 फरवरी को तब दुष्कर्म हुआ था, जबकि वह गांव की बणी में लकड़ी लेने के लिए गई थी। वहां से गांव का सुखवंत (32) उसे अपने साथ खेत में ले गया। खेत में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और रात भर उसे वहीं रखा। अगले दिन परिजन नाबालिग की तलाश करते हुए खेत में पहुंचे तो लड़की बदहवास हालत में मिली थी।
जिससे परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखवंत को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। जिसे अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया था। अब करीब एक महीने बाद किशोरी ने बुधवार शाम को घर में ही बनी टांड पर चुन्नी से लटकर कर जान दे दी।
परिजन उस समय काम से खेत में गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। परिजनों ने बताया कि वारदात के बाद से वह काफी परेशान थी। पुलिस ने लड़की की मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है।