वधु पक्ष का मंडप सजा था, लेकिन न तो दूल्हा पहुंचा और न बारात आई। तैयारियां धरी रह गईं। गुस्साए वधु पक्ष ने बदला लेने की ठानी है। घटना, फगवाड़ा के गांव अमरीक नगरी की भुल्लाराई कॉलोनी की है। यहां के निवासियों ने सोमवार को सरपंच सतपाल कलेर की अगुवाई में एसडीएम दफ्तर के सामने सुबह 10 से 12 बजे तक धरना दिया।
प्रदर्शनकारी 27 मार्च को तय तारीख पर गांव की लड़की के घर बारात लेकर न पहुंचने के आरोप में नामजद वर पक्ष के आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। लड़की के माता-पिता, सरपंच सतपाल कलेर, पूर्व सरपंच कश्मीरी लाल ने पुलिस प्रशासन पर ढीली कार्रवाई का आरोप लगाया।
उन्होंने एसडीएम बलवीर राज सिंह को इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा। पीड़ित परिवार के समर्थन में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जोगिंदर सिंह मान, महिला कांग्रेस पंजाब की उपाध्यक्ष बलवीर रानी सोढी और ब्लाक कांग्रेस फगवाड़ा देहाती के प्रधान दलजीत राजू दरवेश पिंड भी पहुंचे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएसपी केपीएस चाहल ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पंचायत ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में आरोपी गिरफ्तार न हुए तो वे 21 अप्रैल को चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे।
इस अवसर पर तीर्थ राम सरपंच भुल्लाराई, कांग्रेस नेता रमेश जोर्डन, पंचायत सदस्य कुलविंदर कौर, लाल चंद, किशोर कुमार, सुरेश पाल, मनजीत सिंह बरना, गुरदास राम, राहुल, हरीश चंद्र, सोढी लाल, राजकुमार, महिन्द्र पाल, महिन्द्र कौर, गुरमीत कौर, प्रीतम कौर, ऊषा रानी, परमजीत कौर, तरसेम कौर, परवीन कुमारी, सौरव हांडा और रामपाल सुन्नड़ा उपस्थित थे।