एक युवक ने अपने भाई को सबक सिखाने के लिए के ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि डेढ़ साल के बच्चे की जान पर बन गई। युवक को दबोच लिया गया, वरना बच्चे की हत्या हो जाती। मामला पंजाब के लुधियाना का है। पैसे के लेन देन के चक्कर में एक व्यक्ति का अपने मौसेरे भाई के साले के साथ रविवार रात को शराब के नशे में झगड़ा हो गया। उसके भाई ने उसे झगड़ा करने से रोका तो व्यक्ति ने अपने ही मौसेरे भाई को सबक सिखाने की धमकियां दी। आरोपी ने उसके डेढ़ साल के बेटे को अगवा कर लिया।
आरोपी ने बच्चे को शहर से बाहर ले जाकर जान से मारने की प्लानिंग बना ली, लेकिन वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बच्चे को बरामद कर लिया। बच्चे अंकुश के पिता रुप चंद की शिकायत पर थाना डिवीजन दो की पुलिस ने सुनील के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सुनील को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना डिवीजन दो के एसएचओ संजीव कपूर ने कहा कि रुप चंद मूल रुप से उत्तरप्रदेश के जिला गोंडा के गांव माधोपुर राय का रहने वाला है। यहां पर वह मिल्लरगंज स्थित मुरादपुरा इलाके में रहता है। उसके साथ उसका साला मुकेश और पड़ोस के कमरे में मौसी का बेटा सुनील रहता है। सुनील और मुकेश का करीब तीन हजार रुपये का लेन देन था। रविवार रात को सुनील ने शराब के नशे में मुकेश के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। रुप चंद ने सुनील को समझाया और उसे उसके कमरे तक छोड़ दिया।
सुनील ने रुप चंद को धमकी दी कि वह उसे सुबह तक सबक सिखा कर रहेगा। आरोपी ने देर रात उसके डेढ़ वर्षीय बच्चे अंकुश को अगवा कर लिया और फरार हो गया। कुछ समय बाद रुप चंद की पत्नी की नींद खुली तो बच्चा गायब देखा। उन्होंने बच्चे के बारे में आस-पास के लोगों को जगाकर पूछा तो किसी को कुछ मालूम नहीं था। उन्होंने सुनील के कमरे में जाकर देखा तो वह भी गायब था। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित इलाके में नाकाबंदी कर दी।
आरोपी पहले उसे लुधियाना रेलवे स्टेशन गया तो वहां पुलिस को देख कर वह ढंढारी रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां पर भी पुलिस का पहरा देखकर आरोपी बस स्टैंड के लिए निकल गया। जब आरोपी बस स्टैंड की तरफ जा रहा था तो पुलिस ने गिल रोड के पास उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पहले बच्चे को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि वह सुनील को सबक सिखाना चाहता था। वह अंकुश को शहर से बाहर ले जाकर मारने की फिराक में था।