पैसों के लेन-देन को लेकर एक युवक ने 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी है। अब पुलिस आरोपी दोस्त की तलाश में जुटी है। वारदात पंजाब के बठिंडा में महना चौक पर आंजाम दी गई। मरने वाला रमिंदर सिंह बारहवीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है, जबकि आरोपी की पहचान ललित कुमार के तौर पर हुई है।
थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि ललित कुमार की मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान है। उसका दोस्त रमिंदर सिंह उससे अपनी मोटरसाइकिल रिपेयर करवाता था। शनिवार को दोनों महना चौक पर एकत्र हुए। वहां पैसों के लेन- देन को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया।
इसी दौरान ललित कुमार ने अपने रिवाल्वर से रमिंदर सिंह को गोली मार दी। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी ललित घटना के बाद रमिंदर को घायल अवस्था में एक प्राइवेट अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। उपचार के दौरान अस्पताल में रमिंदर की मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मृतक के ताया गुरनैब सिंह की शिकायत पर आरोपी ललित कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।