चंडीगढ़ में एक ऐसी घटना हुई, जिसे देखकर पुलिस वाले भी हैरान रह गए। हेड कांस्टेबल की जान पर बन गई थी, पर उसने कूदकर खुद को बचा लिया। घटना सेक्टर 44/45/50/51 के चौक पर ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल के साथ हुई। उसने कार नंबर पीबी10जीडब्ल्यू0546 के चालक को जेब्रा लाइन पार करने पर रोक लिया और गाड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा।
इस पर आरोपी चालक बहस करने लगा और कार को भगाने की कोशिश करने लगा। यह देखकर हेड कांस्टेबल ने उसे रोकना चाहा, पर उसने पुलिस वाले को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से हेड कांस्टेबल उछल कर कार के बोनअ पर जा गिरे। इसके बाद चालक ने कार रोकने की बजाय दौड़ा ली और हेड कांस्टेबल को बोनट पर ही करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ाया।
हेड कांस्टेबल शशि भूषण बोनट पर लटके-लटके ही खुद को बचाने की कोशिश करते रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोपी चालक का पीछा भी किया। आरोपी ने बुड़ैल जेल के चौक के पास हल्की ब्रेक लगाई तो शशि भूषण मौका पाकर बोनट से छलांग लगाकर नीचे उतर गए। इस तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी चालक फरार हो गया।
सूचना मिलने पर बुड़ैल चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हेड कांस्टेबल की शिकायत पर आरोपी चालकर के खिलाफ धारा 332 और 353 के तहत मामला दर्ज कर लिया, लेकिन हत्या के प्रयास की धारा नहीं जोड़ी गई। आश्वासन दिया गया है कि उक्त धारा बाद में जोड़ी जा सकती है।