थाना कुलगढ़ी के तहत गांव बुकन खां वाला में शराब का सेवन करने के बाद किसी बात को लेकर हुए झगड़े में एक दोस्त ने दूसरे दोस्त के सिर पर कस्सी से वार कर हत्या कर दी। उधर, थाना कुलगढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है।
जगली कुमार (25) पुत्र जलेबी रिशी निवासी बिहार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका भाई मन्नू रिशी (27) जो बेअंत सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह वासी गांव बुकन खां वाला के पास नौकरी करता था। इसी के साथ चंद किशोर रिशी देव पुत्र बूजा रिशी देव भी लगा था। गुरूवार की शाम को जगली अपने भाई मन्नू रिशी के पास आ गया। इसके अलावा मन्नू का दोस्त डबेलू माजी वासी बिहार भी मन्नू के पास पहुंच गया।
सभी ने मिलकर शराब पी और खेत में लगी मोटर वाले कमरे में सो गए। रात को मन्नू और डबलू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। शराब के नशे में डबलू ने कस्सी से मन्नू के सिर पर वार कर दिया। जिस कारण मन्नू की मौत हो गई। डबलू मन्नू और चंद किशोर का मोबाइल फोन लेकर भाग गया। इस संबंध में पुलिस को सूचित किया गया। इंस्पेक्टर जसवंत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जगली के बयान पर आरोपी डबलू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।