विदेश भेजने के नाम पर कई लोगों से करीब एक करोड़ की ठगी कर पिछले कई सालों से फरार चल रही महिला और उसके बेटे को पीड़ित युवकों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों को बुधवार को जिला अदालत में पेश करेगी।
सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन के एसएचओ रंजीत सिंह ने बताया कि सेक्टर 37 निवासी शिल्पा अग्रवाल और उसके बेटे गिरीक कंपानी के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर लोगों को ठगने के पंजाब और चंडीगढ़ में 15 केस दर्ज है। चंडीगढ़ के सेक्टर 17, 39, 3 के पुलिस स्टेशन में भी शिल्पा के खिलाफ केस दर्ज है। रंजीत सिंह ने बताया कि जबकि उसके बेटा गिरीक पर पंजाब में क ेस दर्ज है और वह कई मामलों में भगोड़ा घोषित है। पंजाब पुलिस को गिरीक की गिरफ्तारी की खबर दे दी गई है।
ठगी के शिकार युवक ने ऐसे दबोचा महिला को
पीड़ित सुखविंदर सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे वह अपने दोस्त के साथ सेक्टर 17 में खड़े थे। इसी दौरान शिल्पी, उसका बेटा गिरिक और एक अन्य व्यक्ति रेस्टोरेंट में घुसे। सुखविंद्र ने 100 नंबर पर फोन कर पीसीआर मौके पर बुला ली। इसके बाद वह सुखविंद्र सिंह पुलिस को लेकर रेस्टोरेंट के सामने खड़ा हो गया और पीछे की तरफ उसका दोस्त खड़ा हो गया।
रेस्टोरेंट से निकलते हुए शिल्पी ने पुलिस और सुखविंद्र को देखा तो पीछे के रास्ते से भागने की कोशिश की। इस दौरान रेस्टोरेंट के पिछले दरवाजे पर खड़े उसके दोस्त को धक्का देकर महिला ने भागने की कोशिश की। लेकिन सभी ने मिलकर शिल्पी और उसके बेटे को दबोच लिया। जबकि तीसरा शख्स मौके से भागने में कामयाब रहा। पीसीआर दोनों को लेकर सेक्टर 17 थाने ले कर गई।