विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला गिरोह सक्रिय होता नजर आ रहा है। रोजाना धोखाधड़ी के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला अंबाला कैंट थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां परिवार के तीन सदस्यों को यूके में भेजने के नाम पर दो लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। शातिर दो भाइयों ने 20 लाख रुपये में यूके भेजने का सौदा तय किया था और पहली किस्त दो लाख रुपये के अलावा पासपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज लेकर बाहर भेजने के सपने दिखाता रहा। काफी समय बीत जाने के बाद भी विदेश नहीं भेजा तो परिवार को शक हुआ और उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे लेकिन शातिर हमेशा झूठे आश्वासन देकर टालता रहा। पुलिस ने वशिष्ठ नगर निवासी नरेंद्र सिंह की शिकायत पर तोपखाना निवासी गीनी व हन्नी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
टूरिस्ट वीजा पर व्यक्ति, उसकी पत्नी व बेटी को भेजना था यूके
शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह मार्केटिंग का काम करता है और अपने परिवार के साथ बाहर सेट होने के प्रयास में था। जनवरी 2020 में पता चला कि तोपखाना बाजार के रहने वाले दो भाई जिनके नाम हनी और गीनी है, वह वैध व अवैध रुप से बाहर भेजने का काम करते हैं। 5-7 दिन बाद दोनों भाइयों से मिला और परिवार समेत बाहर जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह यूके का टूरिस्ट वीजा लगवा देंगे। 20 लाख रुपये देने होंगे।
एसपी को शिकायत दी
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में अंबाला के एसपी को शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई। नरेंद्र ने बताया कि लॉकडाउन से पहले अपना पासपोर्ट, पत्नी सुखविद्र कौर व अपनी बेटी प्रभनुर कौर का पासपोर्ट व दो लाख रुपये एडवांस दे चुका हूं। बाकी पैसे वीजा लगने के बाद देने की बात हुई थी। इन लोगों ने आज तक न तो वीजा लगवाया और न ही पैसे लौटाए। यह कहते रहे कि इतंजार करो... आपका काम हो जाएगा और मांगने पर न तो पासपोर्ट दिए और न ही पैसे। केवल आश्वासन ही दे रहे हैं।