आपने फिल्म बंटी और बबली तो देखी होगी, लेकिन हकीकत में ऐसे महाठग लोगों को मिले, तो उन्हें कंगाल बना गए। मोहाली के फेज-10 में एक महिला व उसके दोस्त ने बंटी बबली स्टाइल में राज्य के कई लोगों से विदेश भेजने के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपी इतने शातिर थे कि वह अपना कारोबार फर्जी दस्तावेजों के सहारे चला रहे थे।
इतना ही नहीं बैंक अकाउंट तक फर्जी पते पर खोले थे। इसके बाद वह रातों रात गायब हो गए। थाना फेज-11 पुलिस ने आरोपियों पर विभिन्न शिकायतों के आधार पर 25 केस दर्ज किए है। आरोपियों को लोग रूबी शर्मा व सतपाल के नाम से जानते हैं। हालांकि, पुलिस को अंदेशा है कि यह सभी नाम फर्जी हैं। अब पता नहीं वह कौन से इलाके में सक्रिय हैं।
आरोपियों के पते निकले फर्जी
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने फेज-10 में वर्ल्ड ट्रैक एजुकेशन कंसल्टेंसी खोल रखी थी। वहां से वह लोगों को विभिन्न देशों का वीजा लगवाते थे। पता चला है कि जहां पर उन्होंने अपना आफिस खोला था। उस समय रेंट डीड बनाते समय सतपाल ने अपना डीएल व वोटर कार्ड दिया था। जो कि बठिंडा के पते का था। पुलिस को जांच में पता चला है कि वह फर्जी हैं। इसके अलावा पूजा का एड्रेस भी फर्जी निकला है।