गुरप्रीत खुद कार चला रहा था। सुबह करीब साढ़े छह बजे उनकी कार के सामने लावारिस पशु आ गया। अचानक पशु के सामने आने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में गुरप्रीत और उसकी मां जसविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मलोट के एसपी इकबाल सिंह, एसडीएम गोपाल सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घायलों को स्थानीय लोगों ने तुरंत सिविल अस्पताल मलोट पहुंचाया जहां गुरप्रीत की तीन वर्षीय बेटी गुरविंदर कौर और भांजी गुरनाज कौर की मौत हो गई। गुरप्रीत की बहन रमनदीप कौर और दूसरी बेटी गुरबचन को गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर कर दिया गया। जबकि उसकी पत्नी राजवीर कौर का मलोट अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की खबर पता चलते ही विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और हलका विधायक अजायब सिंह भट्टी ने सिविल अस्पताल का दौरा किया। थाना सदर के एसएचओ पैरीविंकल ग्रेवाल ने बताया कि आवारा पशु के अचानक कार के सामने आने से ये हादसा हुआ है। धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
दो बाइक की टक्कर में सरपंच की मौत
वहीं बरनाला के तपा आलीके रोड पर दो बाइक टक्कर हो गई। हादसे में गांव जैमल सिंह वाला के सरपंच की मौत हो गई। जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तपामंडी में आलीके रोड पर एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति खडे़ थे, इसी दौरान गांव जैमल सिंह वाला जा रहे सरपंच रेशम सिंह की बाइक उनकी बाइक से टकरा गई, जिससे रेशम सिंह सड़क पर गिर गया। इस दौरान मोड़ पर खड़े तीन में से दो गुरकंवल सिंह व सुखचैन सिंह निवासी ढिलवां गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तपा के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां गांव जैमल सिंह वाला के सरपंच रेशम सिंह की मौत हो गई। बाकी दो लोगों हालत ठीक है। मृतक रेशम सिंह सरपंच अकाली दल से था। पुलिस ने मौके पर पहुंच आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।