सेक्टर-14 थाना प्रभारी नवीन सहारण व अन्य पुलिसकर्मियों समेत एसीपी क्राइम नुपूर बिश्नोई और डीसीपी कमलदीप गोयल तुरंत मौके पर पहुंचे। मजदूर से सख्ती से पूछताछ करने पर पुलिस के होश भी फाख्ता हो गए। पुलिस पूछताछ में उसने बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसके सिर पर भारी पत्थर मारकर हत्या की वारदात कबूली।
आरोपी ने कबूला कि उसने वारदात को शराब के नशे में अंजाम दिया। पुलिस तुरंत हत्यारोपी को मौका-ए-वारदात पर लेकर पहुंची। डीसीपी ने स्वयं दीवार फांदकर प्लॉट में जाकर मौके की जांच की। मौके पर पुलिस को बच्ची का खून से सना शव और पास में उसके सिर पर मारा गया पत्थर पड़ा मिला।
पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। साथ ही मौके की फोटोग्राफी भी करवाई। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने हत्यारोपी मजदूर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक पुलिस पूछताछ करती रही।
खाने का लालच देकर बच्ची को ले गया हत्यारोपी
हत्यारोपी को बच्ची के मां-बाप के रोजाना सुबह काम पर चले जाने की जानकारी थी। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे वह झुग्गी के पास खेलती बच्ची को खाली प्लॉट के जंगली इलाके तक ले जाना चाहता था। लेकिन झुग्गियों और प्लॉट के बीच करीब सात फुट की एक दीवार थी।
इस कारण हत्यारोपी ने बच्ची को खाने का लालच दिया और दीवार के होल से उसने बच्ची को प्लॉट की तरफ भेजा। फिर स्वयं दीवार फांदकर प्लॉट में छलांग लगाई। इसके बाद हत्यारोपी ने बच्ची से प्लॉट की झाड़ियों में दुष्कर्म के बाद सिर पर पत्थर पटक कर उसकी हत्या कर दी। बच्ची का शव सेक्टर-6 जनरल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
हत्यारोपी को काबू कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। जुटाए गए सैंपल मधुबन स्थित सीएफएसएल लैब में भेजे जाएंगे। - कमलदीप गोयल, डीसीपी, पंचकूला।