जीरा विधानसभा हलके में पड़ते गांव अमरगढ़ बाड़िया (मल्लूबानिया) के नजदीक बुधवार सुबह घनी धुंध के चलते पनबस बस और स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार एक महिला समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सभी पट्टी (तरनतारन) के रहने वाले हैं और लुधियाना से कार से पट्टी जा रहे थे।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया है। जीरा पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह बहुत धुंध थी, कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। पनबस डिपो की बस मक्खू से कोटईशेखां की तरफ आ रही थी जबकि कार जीरा से पट्टी की ओर जा रही थी।
गांव अमरगढ़ बाड़िया स्थित बीकेएस कॉलेज मुहार के नजदीक पहुंचते ही दोनों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक गई। आवाज सुनकर सभी लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। कार में बैठे लोग उसमें फंस गए।
किसी तरह कार के दरवाजे काटकर उसमें से सभी लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन कोई भी जीवित नहीं बचा। मृतकों की पहचान अरविंदर सिंह (35), अरविंदर की पत्नी अमरजीत कौर (28), प्रदीप सिंह (42), प्रदीप का भाई रणजीत सिंह (45) और जश्नप्रीत सिंह (19) निवासी पट्टी के रूप में हुई है।
कार में सवार ये पांचों लोग दो परिवारों के हैं, सभी लुधियाना किसी काम के सिलसिले में गए थे, कार अरविंदर सिंह चला रहा था। वे वहां से कार में सवार होकर पट्टी लौट रहे थे। उधर, पुलिस ने बस कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सभी शवों को जीरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।