डीसीपी गुरमीत सिंह और एसीपी हरसिमरत सिंह ने बताया कि गिरोह ने एक साल पहले कंपनी बाग चौक के पास स्थित आरसीएमपी शोरूम के मालिक से न्यू जवाहर नगर इलाके में लूट की थी। 10 दिन पहले दिलकुशा मार्केट स्थित रॉयल मेडिकल स्टोर के मालिक रमेश चंद्र को घायल कर उनकी एक्टिवा आदर्श नगर के पास लूटी थी। एक्टिवा में करीब दो लाख की नकदी थी।
इसी गिरोह ने हाईवे से एक इनोवा गाड़ी को लूटा था, जिसका इस्तेमाल कर वारदात करने की कोशिश की थी। 10 जून को गिरोह के सदस्यों ने कोरियर कंपनी में लूटपाट की थी, जिसमें 2.80 लाख के अलावा दो मोबाइल व डीवीआर बाबा प्रिंस के गिरोह के सदस्य लूट ले गए थे।
इसी गिरोह ने 25 जून को माडल टाऊन से एक एक्टिवा लूटी थी, जिसका इस्तेमाल बाबा प्रिंस ने गैंगवार के लिए किया था और फायरिंग भी की थी। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने इस गिरोह के 13 बदमाशों की पहचान की है। पुलिस इससे पहले दो को गिरफ्तार कर चुकी है।