उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर एसपी (जांच) रमनिंदर सिंह, डीएसपी (डिटेक्टिव) गुरमीत सिंह और सीआईए इंस्पेक्टर जरनैल सिंह पर आधारित स्पेशल टीम ने योजना बनाकर एसआई लाभ सिंह व टेक्निकल सेल प्रभारी एएसआई चरणजीत सिंह के साथ पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि सुखदेव सिंह उर्फ सेबी निवासी डोगरांवाल व उसका पिता कश्मीर सिंह ए-श्रेणी के तस्कर हैं। दोनों दिल्ली से हेरोइन मंगवा कर पंजाब में सप्लाई करते हैं। इस पर पुलिस टीम ने ट्रैप लगाया और सुखदेव सिंह ने सप्लाई लेने और पैसों के लेन-देन के लिए अपने पिता कश्मीर सिंह, रिश्तेदार स्वर्ण सिंह और अमनदीप को स्विफ्ट कार से भेजा, जिन्हें पुलिस टीम ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इनसे छह किलो हेरोइन और सात लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पांचों के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 21(सी), 29 के तहत थाना सुभानपुर में केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी राजपाल सिंह संधू ने कहा कि जिला पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ पूरी सख्ती कर रही है और नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कश्मीर सिंह पर 22 और सेबी पर 12 मामले दर्ज
एसएसपी ने बताया कि कश्मीर सिंह का पूरा परिवार तस्करी में संलिप्त है। कश्मीर सिंह पर 22 और उसके बड़े बेटे सुखदेव सिंह उर्फ सेबी पर 12 एनडीपीएस एक्ट के केस दर्ज हैं। सेबी आधा किलो हेरोइन और 15 लाख की ड्रग मनी के मामले में भगोड़ा है। वहीं कश्मीर सिंह भी करीब साढ़े नौ साल की सजा काट कर तीन माह पहले ही जेल से छूटा है और आते ही नशा तस्करी में लग गया।