पानीपत में वार्ड-10 की सैनी कॉलोनी में शुक्रवार की देर रात बाइक सवार छह लोगों ने मुर्गा व्यापारी को रंजिशन गोली मार कर घायल कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायल को उसके परिजन तुरंत बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित एक निजी अस्तपाल ले गए। जहां उसे भर्ती कर लिया गया। किला थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर 4 नामजद सहित 6 बदमाशों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में कारूण उर्फ हारूण निवासी सैनी कॉलोनी ने बताया कि वह पोल्ट्री फार्मों से मुर्गे की खरीद कर दुकानों पर सप्लाई करता है। शुक्रवार को उसके दोस्त विकास का जन्मदिन था और वह अपने मित्रों के साथ कृष्ण पंडित के कार्यालय पर पार्टी में शामिल था। देर रात वह अपने घर जाने के लिए अपनी कार में सवार होकर अपने घर के बाहर पहुंचा, तो इसी दौरान वहां एक पल्सर बाइक सवार दो अज्ञात युवक आए। जो उसके पास रूके और किसी कालोनी का पता जानने लगे।
इसी दौरान दो बाइक और वहां आकर रूकी, बाइकों पर मुतलिब निवासी हॉली कालोनी व इसका जीजा निवासी चांदपुर, उत्तर प्रदेश, रणदीप उर्फ काला व बारू निवासी गांव उग्राखेडी जिला पानीपत आकर रूके। इससे पहले की कारूण कुछ समझ पता रणदीप ने उसे देसी पिस्तौल से गोली मार दी, गोली मुर्गा व्यापारी की छाती में लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। गोली चलने व कारूण के चिल्लाने की आवाज सुन कर कालोनी निवासी जाग गए और उनकी सूचना पर कारूण का भाई रणतेज मौके पर पहुंचा।