मैरिज पैलेस में विवाह कार्यक्रम की खुशियां बारातियों की ओर से गोली चलाए जाने के कारण मातम में बदल गई। दरअसल पंजाब के अमृतसर के गांव दालम में एक मैरिज पैलेस में विवाह के दौरान बारातियों की ओर से गोली चलाए जाने से गोली लगने से दूल्हे के मामा की पांच साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार नवप्रीत सिंह शनिवार को गांव दालम में स्थित सीजोन पैलेस में बारात लेकर आया था। इस दौरान बारात में आए रमिंदर सिंह निवासी गांव मटियां समेत अन्य आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। कुछ लोगों ने उसे रोका, लेकिन वह नहीं माना।
इसी दौरान एक गोली दूल्हे के मामा गुरभेज सिंह की पांच साल की बेटी सिमरजीत कौर निवासी गांव कोहाला को लग गई। सिमरजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। विवाह में शामिल लोगों ने आरोपी रमिंदर सिंह को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना अजनाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शिवदर्शन सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्दी ही उसके बाकी चार फरार साथी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।