जींद के गांव दालमवाला में बुधवार देर शाम को शादी समारोह में बज रहे डीजे के दौरान हो रहे डांस को देखने गए 14 वर्षीय बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई। गोली बच्चे के सीने को छलनी करती हुई आर-पार निकल गई। पुलिस ने मृतक बच्चे के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि गोली चलाने वाला कौन है।
फौज में नौकरी करने वाले जसबीर की बुधवार को शादी थी। जिसमें उसके दोस्त भी आए हुए थे। शाम को जसबीर के घर के बाहर डीजे की धुन पर उसके दोस्त नाच रहे थे। पड़ोस में रहने वाले धर्मबीर का 14 वर्षीय बेटा सुमित भी डांस देखने के लिए आया हुआ था। डीजे बजते समय किसी ने हवाई फायर किया। जब वह दूसरा फायर करने के लिए गन को लोड कर रहा था तो अचानक गोली चल गई।
गोली सामने खड़े 14 वर्षीय सुमित के सीने में लगी और आरपार निकल गई। गोली लगने पर सुमित वहीं गिर पड़ा। लोग उसे उठाकर नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सुमित के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही गोली चलाने वाले व्यक्ति का पता लगा लिया जाएगा।