हरियाणा के अंबाला जिले के बरवाला में वीरवार दोपहर को हुई फायरिंग का बदला शाम को बराड़ा में लिया गया। दो पक्षों में आमने-सामने हुई फायरिंग में जहां तीन लोग जख्मी हो गए, पुलिस ने बड़ी संख्या में तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर दो दर्जन से अधिक फायर किए। साथ ही तेजधार हथियारों से भी हमला किया।
घायलों को एमएम मेडिकल अस्पताल मुलाना लाया गया, जहां से दो की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया है। एक अन्य घायल की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से दो कारों को भी अपने कब्जे में लिया है।
दोपहर 12 बजे से जारी थी मुठभेड़
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे बरवाला में कुछ व्यक्ति एक नाई की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दूसरे गुट के लोग आए और उन पर (बरवाला गुट) फायरिंग कर दी। फायरिंग में वे किसी तरह से बच गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर धड़पकड़ के लिए निकल पड़ी। सूत्रों के अनुसार बरवाला गुट भी इसी दौरान दूसरे गुट की तलाश में निकल पड़ा। दोसड़का-बराड़ा मार्ग पर स्थित एक स्कूल के पास दोनों गुटों में शाम को आमने सामने की भिडंत में जमकर फायरिंग हुई और तेजधार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया।
इस फायरिंग में बरवाला गुट के तीन लोगों को गोलियां लगीं। जिनमें से दो गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया।
तीन कारों से धारदार हथियार बरामद
इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन कारों से तलवारें, डंडे, गंड़ासियां व अन्य हथियार मिले हैं। इन वाहनों पर गोलियों के निशान लगे हैं। एसीपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टि में यह दो पक्षों की आपसी रंजिश का मामला लग रहा है।
तीन युवकों को गोली लगी है, जिसमें से दो युवक पीजीआई रेफर कर किए गए हैं जबकि एक एमएम अस्पताल में भर्ती है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है।