फिरोजपुर के मक्खू के गांव लले वाला में 42 वर्षीय किसान की हत्या कर शव खेतों में फेंक दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में पड़ा शव देखकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शव कब्जे में लेकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक किसान निर्मल सिंह निवासी गांव शाह बुक्कन वाला के भाई ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह सूचना मिली कि निर्मल का शव सड़क किनारे खेत में पड़ा है। उसके शरीर पर तेजधार हथियार के निशान हैं।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी गांव लले में जमीन है, इसलिए निर्मल यहां पर आया था। पारिवारिक सदस्यों ने कहा कि उनकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है। जिसने भी निर्मल की हत्या की है, पुलिस उसकी तलाश करे। उधर, डीएसपी संदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीरा के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।