सुल्तानपुर लोधी के गांव जैनपुर को जाते रास्ते पर स्थित झल्ललेईवाला के जंगल में से मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिला है। शव का मुंह पॉलीथिन से बंधा हुआ था और नजदीक ही सीरिंज भी मिली है। सूचना मिलते ही एसपी-डी जगजीत सिंह सरोआ, डीएसपी सुल्तानपुर लोधी राजेश कक्कड़, थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ गगनदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त जुगराज सिंह निवासी गांव शेरपुर सद्धा के रूप में हुई है। शव और आसपास के हालात देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक जुगराज सिंह के चाचा बूटा सिंह ने कहा कि यदि सरकार पंजाब से आतंकवाद खत्म कर सकती हैं तो नशे के दानव चिट्टे को क्यों नहीं खत्म कर सकती है। उन्होंने कहा कि ‘नशा वेचन वालेयां दे वी पुत्त ऐदां ही मरण, ऐहनां नू न फड़ने वालेयां दा वी कख न रहे’। उन्होंने कहा कि अब भी क्षेत्र में काफी नशा तस्कर सक्रिय हैं और नशा बेचने के काम को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस इन पर हाथ नहीं डाल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भी नशा तस्करों से मिली हुई है, जिनकी शह पर हलके में नशे का धंधा चल रहा है। बूटा सिंह ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। एसपी-डी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत के कारण का खुलासा होगा। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।