पंजाबी गानों के वीडियो डायरेक्टर को पुलिस ने फार्च्यूनर कार चोरी करने के आरोेप में गिरफ्तार किया है। उसने रविवार को प्रोडक्शन हाउस के मालिक की कार चुरा ली थी। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन के एसएचओ रंजीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान पठानकोट निवासी निशांत शर्मा (25) के रूप में हुई है। एसएचओ ने बताया कि सेक्टर 17 में स्थित व्हाइट हिल प्रोडक्शन हाउस के मालिक मनमोरद सिंह सिद्धू ने शिकायत दी थी कि उसकी सफेद रंग की फार्च्यूनर गाड़ी उसकी ऑफिस से चुरा ली गई है। उसने शक भी निशांत पर जताया था कि वह शुक्रवार को उसकी ऑफिस में आया था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शनिवार दोपहर को सेक्टर 39 में नाका लगाया और जैसे ही निशांत वहां पहुंचा तो उसे रोककर कागजात चेक किए। आरोपी ने गाड़ी पर दूसरी नंबर प्लेट लगा रखी थी। जब इंजन नंबर व चेसिस नंबर चेक किया गया तो वो मनमोरद सिंह की गाड़ी निकली। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दोस्तों के बीच महंगी कार की शेखी बघारने के लिए गाड़ी को चुराया था। निशांत पंजाबी फिल्मों के कई गाने डायरेक्ट कर चुका है। जिसमें से एक गाना मुंडया नू सूली चाड़े आउटफिट तेरी मुटियारे काफी लोकप्रिय हुआ था। पुलिस ने बताया कि निशांत को रविवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।