सीआईए स्टाफ पुलिस ने पौने दो करोड़ की 375 ग्राम हेरोइन, सवा दो लाख की नकदी, एक गाड़ी, एक मोटरसाइकिल और एक तोलने वाले कंडे समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ पुलिस रेलवे रोड पर गश्त लगा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ ही देर बाद स्थानीय रमनीक होटल के पास खड़ी एक डस्टर गाड़ी जिसमें तीन युवक बैठे है को ओमप्रीत सिंह भुल्लर निवासी प्रीत नगर व हिमांशु मल्होत्रा उर्फ मामा निवासी कोटू चौक रणधीर कालोनी कपूरथला हेरोइन की खेप देने के लिए आ रहे हैं।
सूचना पर गश्त लगा रही गाड़ी को रेलवे रोड पर ही खड़ा करके एएसआई सर्बजीत सिंह सिविल कपड़ों में गाड़ी की निगरानी के लिए साथियों समेत मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद बाइक पर दो युवक आए और गाड़ी के पास रुक गए फिर देखते ही गाड़ी की पिछली सीट पर बैठ गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने उक्त गाड़ी पर छापामारी की और गाड़ी में बैठे पांचों आरोपियों को काबू कर लिया।
पूछताछ में उक्त पांचों आरोपियों ने अपना नाम अवतार सिंह उर्फ लाडी निवासी गांव मानकू जिला जालंधर, दविंदर सिंह उर्फ पिट्टू निवासी गांव हैदरोवाल थाना बुल्लोवाल होशियारपुर, विशाल आर्य उर्फ नेपाली निवासी न्यू माडल टाऊन जालंधर, ओमप्रीत सिंह निवासी प्रीत नगर गली नं.3 कपूरथला, हिमांशु मल्होत्रा उर्फ भेलू निवासी कोटू चौंक रणधीर कालोनी बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को दो करोड़ कीमत की 375 ग्राम हेरोइन, दो लाख 25 हजार रुपये की नकदी, मादक पदार्थं तोलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला कंडा बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी और मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया।