सेब की पेटियों से भरा ट्रक लेकर भाग गया ड्राइवर
अगर कोई आपको माल की डिलीवरी करने की बात कहे तो सावधान रहें, कहीं आपके साथ भी ऐसा हो जाए जैसा इनके साथ हुआ। चंडीगढ़ के दो भाइयों को लाखों की चपत लगी है। दरअसल, ड्राइवर सेबों की 636 पेटियों से भरा ट्रक लेकर फरार हो गया है। माल की डिलीवरी करने के नाम पर सेक्टर-26 मंडी में सेब व्यापारी को लाखों रुपये की चपत लगा दी।
दोनों आरोपी सेबों की पेटियां ट्रक में लोड कर और 55 हजार रुपये व्यापारी से नगद लेकर सेक्टर-26 मंडी से निकले थे, लेकिन तय जगह तमिलनाडु नहीं पहुंचे। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-26 पुलिस ने ट्रक ड्राइवर प्रदीप सिंह, हरप्रीत सिंह और खुद को दोनों का पिता बताने वाले रिछपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह ने आरोप लगाया कि 27 अक्तूबर को उनके पास दो लोग ट्रक लेकर आए। ट्रक ड्राइवर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी व दूसरा ड्राइवर प्रदीप सिंह ने बताया कि वे दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं और सगे भाई हैं। उनके पिता का नाम रिछपाल सिंह हैं। उन्होंने बताया कि वे सेबों की पेटियों की डिलीवरी करते हैं और आप उनके ट्रक में माल लोड करवा दो।
उन्होंने फोन पर अपने पिता रिछपाल सिंह से बात भी करवाई और उसके पिता रिछपाल सिंह ने बताया कि गाड़ी उन्हीं के नाम पर रजिस्टर्ड है। आप बेफिक्र होकर सेबों की पेटी लोड करवा दीजिए। इसके बाद उन्होंने दोनों के ट्रक में 636 पेटी सेब रखवाकर किराये व खर्च के रूप में 55 हजार रुपये दे दिए और तमिलनाडु के लिए रवाना कर दिया।
अगले दिन ट्रक ड्राइवर हरप्रीत ने कॉल किया कि उनकी गाड़ी खराब हो गई है 15 हजार रुपये की तुरंत जरूरत है। उन्होंने अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में दोनों का नंबर बंद मिला और सेबों की पेटियां भी तमिलनाडु नहीं पहुंची। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के नंबर ट्रैक पर लगा दिए हैं।