शहर में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। एक ओर कुत्ते रोजाना लोगों को शिकार बना रहे हैं। वहीं प्रशासन गहरी नींद में है। मनीमजारा में सादिया की मौत का मातम अभी शांत नहीं हुआ था कि लांडरा (चंडयाला सूदका) में तीन माह की बच्ची को एक कुत्ते ने अपना शिकार बना लिया।
कुत्ते ने बच्ची को मुंह और पैर पर बुरी तरह काटा, जो दिल दहलाने वाला है। घटना बुधवार शाम की है। खौफ में सारी रात काटने के बाद परिजन बच्ची को लेकर गुरुवार सुबह सेक्टर-19 स्थित डॉग बाइट्स डिस्पेंसरी पहुंचे। यहां बच्ची को एंटी रैबिज इंजेक्शन लगाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
डॉग बाइट डिस्पेंसरी में एक घंटे के भीतर लगभग चार लोग एंटी रैबिज के इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। रोजाना करीब 30 से 35 लोग डॉग बाइट के शिकार हो रहे हैं। जिसमें से करीब 10 से 15 लोग सिटी और मोहाली-पंचकूला के हैं।
झूला झूल रही थी बच्ची
तीन माह की बच्ची अंजलि के पिता ने बताया कि जिस वक्त कुत्ते ने बच्ची को शिकार बनाया वह झूला झूल रही थी। उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि कुत्ता झूले को नोचकर नीचे गिराने के बाद बच्ची को काट लेगा। उन्होंने बताया कि वह पत्नी के साथ खेत में गेहूं की फसल काटने गए थे।
उन्होंने बच्ची के लिए खेत में ही डंडों के सहारे एक झूला बनाया था। जिसमें बच्ची खेल रही थी। वह फसल काट रहे थे कि बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। देखा तो बच्ची का झूला टूटकर नीचे गिरा हुआ है और कुत्ते ने बच्ची के पैर को मुंह भरा हुआ था। जब तक वह बच्ची के पास पहुंचते कुत्ता भाग गया।
हालत देख नहीं रुके आंसू
बच्ची की मां ने रोते हुए बताया कि कुत्ते ने बच्ची के मुंह पर कान के नीचे और पैर में बुरी तरह काटा है। उन्हें समझ नहीं आता है कि वह क्या करें। इलाज के लिए कहां से पैसा लेकर आएं। पिता मनीमाजरा सादिया की घटना को भी बार-बार दोहरा रहा था।
इधर, ऑफिस से निकलते ही काटा
मनीमाजरा शास्त्री नगर निवासी पूजा राणा बुधवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे सेक्टर-22 स्थित मैत्री बुक एक्सप्रेस अपने ऑफिस से घर जाने को निकली ही थीं। उन्होंने बताया कि पांच मीटर दूरी पर ही एक कुत्ते ने पैर को जबड़े में लेकर नोचने लगा। जबकि दो कुत्ते स्कूटी के आगे खड़े हो गए। कुत्ते के काटने पर जब उन्होंने शोर मचाया और वहां पहुंचे तो कुत्ते ने उन्हें छोड़ा। पूजा के पति अरुण राणा ने बताया कि वह कई बार पूजा को लेने उसके ऑफिस सेक्टर-22 जाते हैं। वहां ऑफिस के आसपास आवारा कुत्तों को झुंड रहता है। लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
अक्षय भी बना कुत्ते का शिकार
सेक्टर-10 निवासी अक्षय के परिजनों ने बताया कि वह बुधवार शाम को घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी बीच एक कुत्ता आया। जिसे देखकर अक्षय घर की ओर भागा लेकिन कुत्ते ने दौड़कर पैर में काट लिया। घटना शाम की होने के कारण वह गुरुवार को सुबह डिस्पेंसरी में इंजेक्शन लगाने पहुंचे थे।
मंडी में भी कुत्तों का आतंक
सेक्टर-26 स्थित मंडी में कुत्तों का आतंक है। यहां गुरुवार को सुबह एक कुत्ते ने पल्लेदार संजय सिंह (28) को शिकार बनाया। संजय के मालिक अंकित ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायत भी की। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। संजय अभी सोकर उठा ही था कि पास में बैठे एक कुत्ते ने काट लिया। वह भी डिस्पेंसरी में एंटी रैबिज का टीका लगाने पहुंचे थे। वहीं दूसरी ओर मोहाली निवासी नीतेश भी कुत्ते का शिकार बने। हालांकि उन्हें पालतू कुत्ते ने काटा है। उन्होंने बताया कि कुत्ते के मालिक ने बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि कुत्ते को सभी टीके लगे हैं। फिर भी सादिया की घटना को देखते हुए टीका लगाने पहुंचे थे।