नेशनल बॉक्सर एवं सेक्टर-35 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं के छात्र सचिन पर हमले के मामले में दूसरे दिन भी स्कूल और पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की।
12 वीं के छात्रों के एक झुंड ने नेशनल बॉक्सर सचिन को स्कूल कैंपस से मार्केट तक दौड़ाकर बेहोश होने तक पीटा था। उसे गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती कराया गया। सिर पर चोट की वजह से उसके ब्रेन में क्लोटिंग होने से शुक्रवार को भी उसकी हालत स्थिर बनी हुई थी।
सचिन के परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश हो रही है। शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी 8 गोल्डमेडल जीतने वाले इस छात्र की हालत देखने नहीं पहुंचा।
रिपोर्ट तलब
शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को स्कूल प्रिंसिपल से घटना की पूरी जांच रिपोर्ट तलब की। प्रिंसपल इंदिरा ढींगरा के अनुसार उन्होंने मारपीट के आरोपी दो छात्रों को अभिभावकों के साथ स्कूल में बुलाया और उनके बयान दर्ज किए। घटना के समय मौजूद कई विद्यार्थियों के भी बयान लिए हैं।
क्रास केस
शुक्रवार शाम तक स्कूल और पुलिस की ओर से आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मार पिटाई में जिन दो छात्रों का नाम सामने आ रहा है, उनके अभिभावकों ने भी बच्चों का शुक्रवार को मेडिकल करवा दिया। दोनों तरफ से एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई हैं।
डॉक्टरो ने कहा-बेटे को दूसरे अस्पताल ले जाओ
सचिन के पिता देवेंद्र कुमार ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें कहा है कि पीजीआई में जगह नहीं है और बेटे को किसी ओर अस्पताल में भर्ती करवा दो। सचिन के सिर में खून के क्लॉट जमा हुए हैं। उसके ठीक होने में अभी समय लगेगा।
20-25 थे हमलावर
35 मॉडल से ही 12वीं पास कर चुके एक छात्र राहुल डोगरा ने बताया कि वीरवार को छुट्टी के बाद सचिन पर 20 से 25 छात्रों ने मिलकर हमला किया। राहुल उस समय स्कूल के साथ लगते ग्राउंड में बैठा था। राहुल स्कूल की क्रिकेट टीम का सदस्य रहा है।
दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है। घायल छात्र के अभी बयान पूरी तरह दर्ज नहीं किए जा सके हैं। जांच जारी है। थाना प्रभारी खुद मामले की जांच कर रहे हैं।
-रामचंद्र मीणा,डीएसपी साउथ
छात्रों से घटना की जानकारी ली है। शिक्षा विभाग को जांच रिपोर्ट भेज दी जाएगी। अधिकारियों के निर्देश पर ही कार्रवाई करेंगे।
-इंदिरा ढींगरा, प्रिंसिपल गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंटरी स्कूल-35
अभिभावकों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। प्रिंसिपल से मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। सोमवार तक रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई हो सकेगी।
रामकुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, चंडीगढ़