चार दिन से लापता युवक का क्षत-विक्षत शव डलहौजी रोड स्थित नैरोगेज रेलवे लाइन के पास खंडहर से मिला। 30 वर्षीय रोहित कुमार मोहल्ला रामपुरा का रहने वाला था और सब्जी की रेहड़ी लगाता था। मृतक के परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। थाना 1 की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुरुवार को स्थानीय लोगों ने खंडहर से बदबू आने की शिकायत पुलिस को दी थी। रोहित के भाई अमित ने बताया कि रविवार को रोहित घर से नई बाइक और दस हजार रुपये लेकर निकला था। जब वह रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू कर दी गई। सभी जगह उसे ढूंढा और फोन कर जानकारी ली पर कोई पता नहीं चला।
इसके बाद उन्होंने थाना 2 में जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस दौरान रोहित के मोबाइल पर कई बार फोन किया। पहले तो फोन उठा नहीं और रात को फोन बंद हो गया। गुरुवार को पुलिस से पता चला कि डलहौजी रोड पर नैरोगेज रेलवे लाइन के पास खंडहर में शव मिला है।
उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो शव रोहित का था। थाना 1 प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिल्डिंग से बदबू आ रही है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो युवक का शव पड़ा था। पुलिस ने परिवार को सूचित कर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार के मुताबिक रोहित ने नई बाइक खरीदी थी और रविवार को जब वह घर से निकला तो उसके पास 10 हजार रुपये भी थे। जबकि, शव के पास न तो बाइक मिली और न ही उसकी जेब से 10 हजार रुपये मिले। परिवार के बयान पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम से मौत की वजह साफ हो पाएगी।